खबरों का प्रहरी न्यूज. पांडादाह मंडल भाजपा की अहम बैठक संपन्न, जी.रामजी अभियान को लेकर दी गई विस्तृत जानकारी
खैरागढ़. भारतीय जनता पार्टी मंडल पांडादाह की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक रविवार को जगन्नाथ मंदिर प्रांगण में आयोजित की गई। बैठक में मंडल के पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, शक्तिकेंद्र प्रभारी, संयोजक–सहसंयोजक, बूथ अध्यक्ष, वरिष्ठ कार्यकर्ता सहित ग्राम पंचायतों के सरपंच और पंच बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य जी.रामजी अभियान से संबंधित संपूर्ण जानकारी साझा करना और आगामी कार्ययोजना को लेकर संगठन को एकजुट करना रहा।

बैठक में जी.रामजी अभियान के मंडल प्रभारी डॉ. शैलेन्द्र त्रिपाठी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ अभियान के संयोजक पंकज सिंह ठाकुर एवं कमलेश सिंह भदौरिया भी मंच पर मौजूद रहे।
डॉ शैलेन्द्र त्रिपाठी ने अभियान के उद्देश्यों, उसकी रूपरेखा और जमीनी स्तर पर कार्यान्वयन को लेकर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और संगठनात्मक मजबूती के साथ इसे सफल बनाने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा कि जी.रामजी अभियान भाजपा की विचारधारा और संगठनात्मक विस्तार का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसके जरिए समाज के हर वर्ग तक सरकार की योजनाओं और पार्टी के संदेश को पहुंचाया जाएगा। बैठक में बूथ स्तर पर समन्वय, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और जनसंपर्क गतिविधियों पर भी चर्चा की गई।
मंडल अध्यक्ष गोरेलाल वर्मा ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन की शक्ति अनुशासन और सक्रिय सहभागिता में निहित है। उन्होंने सभी से एकजुट होकर अभियान को सफल बनाने का आग्रह किया। मंडल महामंत्री सतेन्द्र साहू एवं खेम सिन्हा ने बैठक के संचालन और व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।
बैठक के अंत में संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संपन्न करने का संकल्प लिया गया। आयोजकों के अनुसार बैठक अत्यंत सफल रही और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार हुआ।

