खैरागढ़. आगामी गणेश उत्सव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को कलेक्टर कार्यालय सभागृह में नगर की गणेश समितियों, डीजे संचालकों और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत सीईओ एवं प्रभारी कलेक्टर प्रेम कुमार पटेल ने की। इस दौरान एसडीएम टंकेश्वर प्रसाद साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपेश डांडे, अनुविभागीय अधिकारी आशा रानी, थाना प्रभारी अनिल शर्मा सहित अधिकारी-कर्मचारी, गणेश समितियों के पदाधिकारी एवं डीजे संचालक मौजूद रहे।
बैठक में प्रभारी कलेक्टर ने सभी गणेश समितियों को गणेश प्रतिमा स्थापना की जानकारी संबंधित एसडीएम कार्यालय में देने के निर्देश दिए, ताकि शहर में स्थापित होने वाली समितियों का प्रशासन के पास पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीओपी की मूर्तियों के स्थान पर मिट्टी की मूर्तियों की ही स्थापना की जाए तथा प्रतिमाओं की ऊंचाई शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप हो।
उन्होंने समितियों को स्थापना स्थल के चयन में भी सावधानी बरतने के निर्देश दिए। प्रतिमा स्थापना के आसपास ट्रांसफार्मर अथवा विद्युत लाइन नहीं होनी चाहिए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।
पिछले साल की घटना का दिया हवाला
गणेश विसर्जन को लेकर प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। प्रभारी कलेक्टर प्रेम कुमार पटेल ने पिछले वर्ष विसर्जन के दौरान हुई हत्या की घटना का उल्लेख करते हुए समितियों से शांतिपूर्ण, अनुशासित और आपसी भाईचारे के साथ विसर्जन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्सव के दौरान किसी भी स्थिति में विवाद या अराजकता की स्थिति निर्मित नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने नगर पालिका को विसर्जन स्थल पर पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं और समितियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
रात 10 बजे बाद डीजे पर रोक
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपेश डांडे ने गणेश उत्सव के दौरान ध्वनि व्यवस्था को लेकर समितियों और डीजे संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रात 10 बजे के बाद डीजे नहीं बजाया जाएगा। विसर्जन के दौरान भी डीजे साउंड सिस्टम की आवाज निर्धारित सीमा के भीतर रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने समितियों से अपील की कि भगवान गणेश की विदाई के दौरान डीजे का उपयोग कम करते हुए पारंपरिक वाद्य यंत्रों को अधिक महत्व दिया जाए।
नशाखोरी और अराजकता पर होगी कड़ी कार्रवाई
प्रभारी कलेक्टर प्रेम कुमार पटेल ने चेतावनी दी कि गणेश उत्सव के दौरान झांकी में किसी भी प्रकार की अराजकता, नशाखोरी अथवा अभद्र व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति नशे की हालत में अभद्रता करते या माहौल बिगाड़ते पाया गया तो पुलिस द्वारा ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
चार साल से बढ़ रही झांकी की भव्यता
गौरतलब है कि खैरागढ़ में पिछले चार वर्षों से राजनांदगांव की तर्ज पर गणेश समितियों द्वारा भव्य झांकी निकाली जा रही है। हर वर्ष झांकी की भव्यता और आकर्षण बढ़ रहा है। इसे देखने के लिए खैरागढ़ ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। खास बात यह है कि राजनांदगांव में गणेश झांकी निकलने के अगले दिन खैरागढ़ में झांकी का आयोजन किया जाता है। ऐसे में इस बार भी बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने समितियों से सुरक्षा, अनुशासन और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।


