खैरागढ़. जिले में गौ संरक्षण को लेकर सोमवार को मुस्लिम यंग कमेटी खैरागढ़ द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। जयस्तंभ चौक में दोपहर करीब 3 बजे आयोजित कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों, युवाओं और समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गौ तस्करी पर सख्त कार्रवाई करने तथा गौ माता को “राष्ट्रमाता” घोषित करने की मांग उठाई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला रही हैं। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि देश के करोड़ों लोगों की भावनाएं गौ माता से जुड़ी हुई हैं। ऐसे में विभिन्न क्षेत्रों में होने वाली गौ हत्या से समाज में आक्रोश और दुख का वातावरण निर्मित होता है, जिससे सामाजिक सौहार्द भी प्रभावित होता है।
मुस्लिम यंग कमेटी ने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि पूरे देश में गौ हत्या पर कठोर एवं प्रभावी प्रतिबंध लागू किया जाए। साथ ही गौ तस्करी और अवैध कटाई में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। समिति ने गौ माता को “राष्ट्रमाता” घोषित करने तथा गौ संरक्षण, गौशालाओं के संचालन और उनके विकास के लिए विशेष योजनाएं लागू करने की भी मांग की।
इस दौरान अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष अय्यूब सोलंकी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपा। कार्यक्रम में रज्जाक खान, राजा सोलंकी, कलीम अशराफी, यासीन मेमन, एते श्याम खान, नजीम सोलंकी, चमन खान, लक्की सोलंकी, इजहार खान, रिहान अली, ओयेश खान सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से गौ संरक्षण और सामाजिक समरसता को लेकर एकजुटता का संदेश भी दिया गया।


