खैरागढ़/जालबांधा. नवीन शासकीय महाविद्यालय, जालबांधा के स्वतंत्र एवं स्थायी भवन निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए ₹465.84 लाख यानी करीब ₹4.66 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। शासन द्वारा जारी स्वीकृति आदेश में जालबांधा महाविद्यालय को भी शामिल किया गया है।
महाविद्यालय के लिए स्वतंत्र भवन की मांग लंबे समय से क्षेत्रवासियों और विद्यार्थियों द्वारा की जा रही थी। वर्तमान में विद्यार्थियों को बेहतर एवं व्यवस्थित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए स्वतंत्र भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस मांग को लेकर जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश साहू एवं समिति के सदस्यों ने शासन और प्रशासन के समक्ष लगातार पहल करते हुए भवन निर्माण की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया।

प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के बाद अब आवश्यक विभागीय प्रक्रियाएं पूरी होने पर भवन निर्माण की आगामी कार्रवाई आगे बढ़ेगी। स्वतंत्र एवं स्थायी भवन बनने से जालबांधा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और व्यवस्थित अध्ययन का वातावरण मिलने की उम्मीद है।
समिति ने जताया आभार
प्रशासकीय स्वीकृति मिलने पर जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश साहू एवं सदस्यों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा, प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन, सांसद संतोष पाण्डेय एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह सहित शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
समिति अध्यक्ष जयप्रकाश साहू ने कहा कि ₹4.66 करोड़ की स्वीकृति जालबांधा और आसपास के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। स्वतंत्र भवन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इसके लिए जनभागीदारी समिति के सभी सदस्यों ने मिलकर लगातार प्रयास किए। अब आवश्यक विभागीय प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य की आगामी कार्रवाई आगे बढ़ने की उम्मीद है।


