खबरों का प्रहरी न्यूज. खैरागढ़ में तीन दिवसीय शीतकालीन शतरंज प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ, बच्चों और युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी
खैरागढ़. शिवमंदिर मार्ग स्थित पटेल भवन में बुधवार को तीन दिवसीय शीतकालीन शतरंज प्रशिक्षण शिविर का भव्य शुभारंभ किया गया। यह शिविर छत्तीसगढ़ प्रदेश से मान्यता प्राप्त जिला शतरंज संघ खैरागढ़–छुईखदान–गंडई द्वारा आयोजित किया जा रहा है। पहले ही दिन बड़ी संख्या में बालक-बालिकाओं एवं युवा खिलाड़ियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
शिविर का उद्देश्य प्रतिभागियों को शतरंज की बारीक तकनीकों, रणनीतियों और मानसिक एकाग्रता का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना है। उद्घाटन अवसर पर जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष सद्दाम हुसैन, उपाध्यक्ष यतेंद्र जीत सिंह ‘छोटू’, सचिव रॉकी देवांगन और कोषाध्यक्ष शेख जहीद उपस्थित रहे।

पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि शतरंज न केवल बौद्धिक विकास करता है, बल्कि अनुशासन, धैर्य और निर्णय क्षमता को भी सुदृढ़ बनाता है। इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी खेल बताया गया।
शिविर के पहले दिन प्रतिभागियों को शतरंज के मूल नियम, चालों की समझ, ओपनिंग की जानकारी और व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा सरल व रोचक तरीकों से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह शिविर गुरुवार 25 और शुक्रवार 26 दिसंबर तक जारी रहेगा।




