खैरागढ़. शहीद निकेश यादव की पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को ‘आत्मनिर्भर खैरागढ़’ अभियान के तहत नगर की विभिन्न सेवाभावी संस्थाओं, राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय परिवार, जिला पुलिस एवं जिला स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पौधारोपण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से शहीद के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए पर्यावरण संरक्षण तथा जनभागीदारी का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत कोतवाली थाना परिसर में पौधारोपण से हुई। यहां नीम, कदम एवं रोजिया के पौधे लगाए गए। इस अवसर पर कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश कुमार गौतम, शहीद निकेश यादव के पिता पुरुषोत्तम यादव, थाना प्रभारी अनिल शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने पौधारोपण कर शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इसके बाद राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय (कैंपस-2) में करंज एवं गुलमोहर के पौधे रोपे गए। इस दौरान कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा तथा कबीरधाम जिले की सेवाभावी संस्था हरीतिमा की टीम विशेष रूप से उपस्थित रही। वहीं सिविल अस्पताल परिसर में बीएमओ डॉ. विवेक बिसेन, डॉ. पंकज वैष्णव एवं अन्य चिकित्सकों के मार्गदर्शन में नीम और स्पेथोडिया के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का समापन दाऊचौरा स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि सभा के साथ हुआ, जहां जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं नागरिकों ने शहीद निकेश यादव को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा ने शहीद परिवार का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया, जबकि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने तिरंगा बैच लगाकर उन्हें सम्मानित किया।

अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा ने कहा कि शहीद परिवारों का सम्मान केवल शहादत दिवस तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज को हर दिन उनके प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का भाव बनाए रखना चाहिए।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने शहीद निकेश यादव के अदम्य साहस को स्मरण करते हुए मदनवाड़ा की घटना में शहीद हुए सभी 27 पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक पौधे को वृक्ष बनने तक संरक्षित किया जाए। साथ ही उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत संस्था हरीतिमा की सराहना करते हुए शहीद दिवस पर आयोजित इस पहल को प्रेरणादायी बताया।
कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा ने शहीद निकेश यादव को नमन करते हुए कहा कि शहादत दिवस को पौधारोपण जैसे रचनात्मक अभियान से जोड़ना एक सराहनीय एवं अनुकरणीय पहल है, जो समाज में सकारात्मक संदेश देती है।
संस्था हरीतिमा के महेश सिंह ठाकुर ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में संस्था द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं उद्देश्यों की जानकारी दी। वहीं सेवाभावी सदस्य समसुल होदा खान ने ‘आत्मनिर्भर खैरागढ़’ अभियान के अंतर्गत स्वच्छता, पौधारोपण एवं जल संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन अनुराग शांति तुरे ने देशभक्ति से ओत-प्रोत काव्य प्रस्तुति के साथ किया। अंत में शिक्षक रूपेश कुमार देवांगन ने सभी अतिथियों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गिरिजा चंद्राकर, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, पूर्व मंडल अध्यक्ष विकेश गुप्ता, वरिष्ठ पार्षद रूपेंद्र रजक, जिला भाजपा महामंत्री शशांक ताम्रकार, समाजसेवी सुशीलकांत पांडेय, सूर्यकांत यादव, पार्षद पुष्पा सिंदूर, थाना प्रभारी अनिल शर्मा, विश्वविद्यालय परिवार से प्रो डॉ राजन यादव, प्रो डॉ नमन दत्त, डॉ मानस साहू, डॉ हरिओम हरि, चंद्र प्रकाश गायकवाड़, कौशल जैन सहित पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी,तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


