खैरागढ़. सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश के बावजूद प्रतिभा जब परिश्रम से मिलती है, तो सफलता की नई कहानी लिखी जाती है। ऐसा ही प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है खैरागढ़ जिले के साल्हेवारा वनांचल क्षेत्र की छात्रा कुमारी डाली वर्मा ने, जिन्होंने एक साथ सैनिक स्कूल और जवाहर नवोदय विद्यालय में चयन हासिल कर पूरे जिले को गौरवान्वित कर दिया है। इतना ही नहीं, डाली ने नवोदय प्रवेश परीक्षा में खैरागढ़ जिले के बालिका वर्ग में प्रथम स्थान भी प्राप्त किया है।
डाली वर्मा, पिता श्री पवन कुमार वर्मा की सुपुत्री हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा साल्हेवारा स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल से कक्षा चौथी तक पूरी की। इसके बाद कक्षा पांचवीं की पढ़ाई केज़ऊ राम चौरे स्मृति विद्या मंदिर, देवरी में जारी रखते हुए उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल की। उनकी इस सफलता में उनके दादा श्री जी.एल. वर्मा (सेवानिवृत्त व्याख्याता) का विशेष मार्गदर्शन रहा, जिन्होंने लगातार उन्हें पढ़ाई के प्रति प्रेरित किया।
डाली की इस उपलब्धि पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी उन्हें शुभ आशीर्वाद प्रदान करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह सम्मान न केवल डाली के लिए, बल्कि पूरे वनांचल क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गया है।

साल्हेवारा ग्रामवासियों, विद्यालय परिवार तथा क्षेत्रवासियों में डाली की सफलता को लेकर खासा उत्साह है। सभी ने उसे शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा बनेगी और वे भी शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित होंगे।
डाली वर्मा की यह सफलता साबित करती है कि दृढ़ संकल्प, सही मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है, चाहे परिस्थितियां कैसी भी क्यों न हों।

