खैरागढ़/छुईखदान. पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel अपने एक दिवसीय खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले के दौरे के दौरान छुईखदान में आयोजित जिला कार्यकर्ता सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर कांग्रेस जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और फूल-मालाओं के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पूरे आयोजन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
सम्मेलन में जिलेभर से पहुंचे कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में संगठन को मजबूत करने तथा आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंच से संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि कांग्रेस की ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं, जो हर परिस्थिति में जनता की आवाज बनकर खड़े रहते हैं।
सम्मान समारोह के दौरान मंडल अध्यक्ष राजा सोलंकी को प्रमाण पत्र सौंपकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भूपेश बघेल ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए संगठन में सक्रिय योगदान जारी रखने की बात कही। वहीं राजा सोलंकी ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू, विभिन्न ब्लॉक अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सम्मेलन के दौरान पूरे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म नजर आया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती का संदेश देने का प्रयास किया।


