खैरागढ़. प्रधानमंत्री आवास योजना (नगरीय) 2.0 के तहत नगर पालिका परिषद सभागृह में अनापत्ति प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह रहे, जबकि अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर ने की। इस दौरान नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों के 57 पात्र हितग्राहियों को पक्के मकान निर्माण के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रमाण पत्र मिलते ही हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

केंद्र-राज्य सरकार का जताया आभार

समारोह में प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव का आभार जताया। हितग्राहियों ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजना से अब उनका स्वयं के पक्के मकान का सपना पूरा होने जा रहा है। इससे उन्हें झोपड़ियों और कच्चे मकानों की समस्याओं से राहत मिलेगी।
इस अवसर पर वार्ड क्रमांक 04 राजफैमिली के पार्षद सुमित टांडिया ने अपने वार्ड की महिला आवास हितग्राहियों को साड़ी भेंट कर सम्मानित किया।
अध्यक्ष बोलीं- प्रधानमंत्री का सपना हो रहा साकार

नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में प्रत्येक व्यक्ति के लिए पक्का मकान सुनिश्चित करने का संकल्प लिया था। इसी सोच के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना शुरू की गई। योजना के माध्यम से ऐसे गरीब परिवार, जो कच्चे और मिट्टी के मकानों में रहने को मजबूर थे, आज अपने पक्के मकान का निर्माण करा पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि अपने घर के बाहर ‘आशीर्वाद का एक दीया’ जरूर जलाएं। उन्होंने कहा कि आज हर व्यक्ति किसी न किसी रूप में प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ले रहा है। इसलिए प्रधानमंत्री के प्रति धन्यवाद और उनके देशसेवा के संकल्प के लिए एक दीया जलाकर आशीर्वाद दें।
पक्का मकान महिलाओं और बच्चों के लिए भी सुरक्षा का आधार : विक्रांत सिंह

जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि पक्के मकान का सबसे अधिक लाभ महिलाओं और बच्चों को मिलता है। कच्चे मकानों में बारिश के दौरान छत टपकने, खाना बनाने में परेशानी और जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता है। पक्का मकान महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देने के साथ ही बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराता है।

उन्होंने कहा कि कई लोगों का पूरा जीवन गुजर जाता है, लेकिन वे अपना पक्का मकान नहीं बना पाते। प्रधानमंत्री की सोच कि हर व्यक्ति का अपना पक्का मकान हो, इसी वजह से आज गरीब परिवारों के लिए यह सपना साकार हो रहा है। उन्होंने बताया कि 18 महीने के भीतर आवास निर्माण पूरा करने वाले हितग्राहियों को मुख्यमंत्री गृह प्रवेश योजना के तहत करीब 32 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
जनप्रतिनिधि और नगरवासी रहे मौजूद

कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिशेसर साहू, शशांक ताम्रकार, विकेश गुप्ता, प्रकाश सिंह, आयश सिंह, ऋषभ सिंह, संजय शर्मा, रामाधार रजक, शैलेन्द्र वर्मा, गोरेलाल वर्मा, अजय जैन, देविन बाई कोठले, मोनिका रजक, सुमित टांडिया, रूपेंद्र रजक, नंद चंद्राकर, अनिल अग्रवाल, सीएमओ पुनीत वर्मा सहित बड़ी संख्या में पालिका कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और नगरवासी उपस्थित रहे।


