खैरागढ़. एकीकृत बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) परियोजना छुईखदान अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों में रिक्त पदों की पूर्ति के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कार्यालय परियोजना अधिकारी, एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना छुईखदान, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के कुल 5 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए पात्र महिला अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
परियोजना अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 2 पद तथा आंगनबाड़ी सहायिका के 3 पदों पर भर्ती की जाएगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद छुईखदान के वार्ड क्रमांक 04 और वार्ड क्रमांक 05 में रिक्त हैं, जबकि सहायिका के पद आंगनबाड़ी केंद्र देवपुरा-01, कोर्राय और सिंगबोरा में भरे जाएंगे।
इच्छुक एवं पात्र महिला अभ्यर्थी 11 मार्च से 26 मार्च 2026 तक ई-भर्ती पोर्टल https://aww.e-bharti.in/ के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन की पूरी प्रक्रिया पोर्टल पर उपलब्ध यूजर मैनुअल के अनुसार पूरी करनी होगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कार्यालय में सीधे अथवा डाक के माध्यम से प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
भर्ती के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 44 वर्ष के बीच होना अनिवार्य है तथा केवल संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के राजस्व ग्राम अथवा वार्ड की निवासी महिलाएं ही आवेदन के लिए पात्र होंगी। अन्य आवश्यक शर्तें और दिशा-निर्देश ई-भर्ती पोर्टल पर उपलब्ध हैं।
परियोजना अधिकारी ने पात्र महिला अभ्यर्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।

