खैरागढ़. जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें और कॉपियां होनी चाहिए, उसी उम्र में 8-9 बैगा आदिवासी बच्चियों के हाथों में पानी के बर्तन नजर आने का वीडियो सामने आया है। मामला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के छुईखदान ब्लॉक के ग्राम पंचायत बकरकट्टा के आश्रित ग्राम खाम्ही स्थित प्राथमिक स्कूल का है। वीडियो सामने आने के बाद स्कूल की व्यवस्था और विद्यार्थियों से कराए जा रहे कार्यों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया गया है कि स्कूल भवन जर्जर होने के कारण प्राथमिक स्कूल का संचालन वर्तमान में अतिरिक्त कक्ष में किया जा रहा है। सामने आए वीडियो में करीब 8-9 बैगा आदिवासी बच्चियां पानी भरती और बर्तन साफ करती दिखाई दे रही हैं। खास बात यह है कि जिस दौरान बच्चियां यह काम करती नजर आ रही हैं, उस समय शिक्षक की मौजूदगी भी वीडियो में दिखाई दे रही है। हालांकि वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया, इसकी स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
शिक्षा के अधिकार के बीच उठे सवाल
बैगा समुदाय PVTG यानी विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह में शामिल है। वहीं बच्चों को संविधान के अनुच्छेद 21ए के तहत शिक्षा का अधिकार प्राप्त है। ऐसे में स्कूल में पढ़ाई के लिए पहुंचने वाली बच्चियों से पानी भरने और बर्तन साफ कराने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सवाल यह भी है कि विद्यार्थियों से इस तरह के कार्य क्यों कराए जा रहे थे और इसकी अनुमति किस स्तर से थी?
स्कूल की जिम्मेदारी तीन शिक्षकों पर
खाम्ही प्राथमिक स्कूल की जिम्मेदारी संकुल समन्वयक तोरण साहू, प्रधानपाठक राजकमल उइके और सहायक शिक्षक ईश्वर कंवर के जिम्मे बताई गई है। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, वीडियो में दिखाई दे रही परिस्थितियों की वास्तविकता सामने लाने तथा यदि विद्यार्थियों से अनुचित तरीके से काम कराया गया है तो जिम्मेदारी तय करने की मांग उठ रही है।
डीईओ ने दिए जांच और कार्रवाई के निर्देश
मामले में जिला शिक्षा अधिकारी मुकुल केपी साव ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि वीडियो में दिखाई दे रही परिस्थितियों के पीछे वास्तविक स्थिति क्या थी और विद्यार्थियों से इस तरह का कार्य किन परिस्थितियों में कराया गया। मामले में जांच के निष्कर्ष और जिम्मेदारी तय होने पर शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर भी नजर रहेगी।


