खैरागढ़. छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा ने जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली, आंगनबाड़ी केंद्रों और छात्रावासों की व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण कर शासन की खाद्य एवं पोषण योजनाओं के क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की। निरीक्षण का उद्देश्य हितग्राहियों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करना रहा।

निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने उचित मूल्य दुकान जालबांधा एवं करमतरा का अवलोकन किया। जालबांधा में पूर्व दुकान संचालक से शेष बचत स्टॉक की वसूली कर ई-पास मशीन में स्टॉक सुधार के निर्देश दिए गए। साथ ही एक माह के कमीशन व बोरे की राशि वर्तमान संचालक को अंतरित करने को कहा गया। करमतरा (कनकतारा) की दुकान में हर माह समय पर राशन वितरण शुरू करने तथा नान (NAN) से राशन प्राप्त होते ही तत्काल ई-पास मशीन में पावती दर्ज करने के निर्देश दिए गए। अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हितग्राहियों को निर्धारित समय में राशन उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इसके पश्चात आंगनबाड़ी केंद्र सलोनी क्रमांक-2 का निरीक्षण किया गया, जहां बच्चों के लिए तैयार भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए स्वयं भोजन चखकर देखा गया। उन्होंने केंद्र में खाद्य विभाग के शिकायत निवारण कॉल सेंटर की जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि लाभार्थी आसानी से शिकायत दर्ज करा सकें और त्वरित समाधान हो।

जालबांधा स्थित अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास के निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने दैनिक भोजन मेन्यू का नियमित प्रदर्शन और उसके अनुरूप क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही फोर्टिफाइड चावल को निर्धारित विधि से पकाने व परोसने तथा पोषण मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि छात्रावासों में गुणवत्तापूर्ण भोजन बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों के लिए अनिवार्य है।

निरीक्षण के अंत में अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी, पारदर्शी और निर्बाध रूप से पहुंचाने के लिए सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर खाद्य आयोग के सदस्य राजेंद्र महिलांग, सदस्य सचिव राजीव कुमार जायसवाल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र ठाकुर, खाद्य अधिकारी भुनेश्वर चेलक, सहायक आयुक्त आदिवासी विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला प्रबंधक नान सहित जिले के सभी सहायक खाद्य अधिकारी एवं खाद्य निरीक्षक उपस्थित रहे।

