खैरागढ़. 14 फरवरी 2019 को जम्मू–कश्मीर के पुलवामा में हुए भीषण आतंकी हमले में शहीद हुए देश के वीर जवानों की स्मृति में शुक्रवार को दाऊचौरा स्थित शहीद निकेश यादव स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘एक दिया शहीदों के नाम’ अभियान के तहत सेवाभावी नागरिकों और क्षेत्रवासियों ने दीप व मोमबत्तियां जलाकर अमर शहीदों को नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने “शहीद वीर जवान अमर रहें” के गगनभेदी नारों के साथ नम आंखों से देश के सपूतों को याद किया। वातावरण पूरी तरह भावुक और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रहा। इस अवसर पर खैरागढ़ पुलिस परिवार के जवानों को तिरंगा बैच लगाकर सम्मानित किया गया, जिससे सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव प्रकट हुआ।

सेवाभावी रूपेश देवांगन ने कहा कि देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है और ऐसे आयोजन समाज में राष्ट्रभक्ति की भावना को और सुदृढ़ करते हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन सेवाभावी जहीन खान ने किया। जिला पत्रकार संघ अध्यक्ष जितेंद्र सिंह गौर ने भी उपस्थित होकर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। आभार प्रदर्शन समाजसेविका वंदना तांडेकर द्वारा किया गया।

इस अवसर पर पुरुषोत्तम यादव, राजेश चंदवानी, भूखन सारथी, अजय आचार्य, प्रशांत सहारे, यतीश साहू, नीलेश यादव, पार्षद पुष्पा सिंदूर, उत्तम बागड़े, समसुल होदा खान, किशोर शर्मा, नरोत्तम उर्वशा, अमीन मेमन, सूर्यकांत यादव, दिनेश टांडेकर, नितेश जैन, नीलम राजपूत सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण, अनुशासित और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।



