खैरागढ़. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने जिले में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शिव मंदिर में पूजा-अर्चना और प्रार्थना से हुई, जहां महिला कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और ऊर्जा की कामना की।

कार्यक्रम का आयोजन महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी एवं केसीजी जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष उमा चौबे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। साल्हेवारा मंडल अध्यक्ष शकुन यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

इस अवसर पर हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए आम, बेला, नीम और पीपल के पौधों का वृक्षारोपण किया गया। महिला मोर्चा की बहनों ने पौधों की देखरेख का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष ज्योति पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। जिला अध्यक्ष उमा चौबे ने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास” की भावना के साथ राज्य सरकार निरंतर जनकल्याण के कार्य कर रही है और केंद्र का सहयोग विकास को नई गति दे रहा है।



