खैरागढ़. घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। राजस्व विभाग, खाद्य विभाग और तेल कंपनियों के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने गुरुवार को खैरागढ़ व बाजार अतरिया क्षेत्र में होटल और रेस्टोरेंटों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध व्यावसायिक उपयोग करते पाए जाने पर 16 सिलेंडर जब्त किए गए।

जिला प्रशासन द्वारा इस अभियान के लिए दो संयुक्त टीमें गठित की गई हैं। खैरागढ़ अनुभाग की टीम में एसडीएम टंकेश्वर प्रसाद साहू, तहसीलदार आशीष देवहारी, सहायक खाद्य अधिकारी संजय ठाकुर, खाद्य निरीक्षक विनोद कुमार सागर व मनीष ध्रुव तथा आईओसीएल के सेल्स ऑफिसर पंकज छितेजा शामिल हैं।

वहीं गंडई-छुईखदान अनुभाग की टीम में एसडीएम अविनाश ठाकुर, तहसीलदार मोक्षदा देवांगन, सहायक खाद्य अधिकारी दीपक धनकर, खाद्य निरीक्षक डालेश्वरी देवहारे और एचपीसीएल के सेल्स ऑफिसर मनोज मंडल को शामिल किया गया है।
निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाया गया। इसे द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण का विनियमन) आदेश 2000 का उल्लंघन मानते हुए 16 सिलेंडरों को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई तक मेसर्स शिव इंडियन, खैरागढ़ की सुपुर्दगी में रखा गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए आगे भी नियमित रूप से जांच अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

