खैरागढ़. जिला भाजपा कार्यालय पिपरिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण के प्रसारण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना और कार्यक्रम में उठाए गए विषयों पर चर्चा की।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, सांसद संतोष पांडे, जिला प्रभारी एवं प्रदेश प्रवक्ता नलनीश ठोकने, विधानसभा प्रभारी एवं अध्यक्ष राज्य खाद्य आयोग संदीप शर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह तथा जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू सहित प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात’ को सुनने के लिए पूरे देशवासियों को हर महीने के अंतिम रविवार का इंतजार रहता है। इस दिन प्रधानमंत्री देश की करीब 140 करोड़ जनता को संबोधित करते हैं और देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे सकारात्मक कार्यों, नवाचारों तथा उपलब्धियों को देशवासियों के सामने रखते हैं।

उन्होंने कहा कि देश के किसी भी कोने में यदि कोई व्यक्ति या समूह नया नवाचार करता है अथवा समाजहित में उल्लेखनीय कार्य करता है, तो प्रधानमंत्री उसे ‘मन की बात’ के माध्यम से देश के सामने लाते हैं। इससे दूसरे लोगों को भी प्रेरणा मिलती है और समाज में सकारात्मक कार्यों को बढ़ावा मिलता है।
पवन साय ने नशामुक्ति को लेकर कहा कि पूरे समाज को नशे के खिलाफ मिलकर प्रयास करना होगा। नशे के कारण न केवल व्यक्ति का जीवन प्रभावित होता है, बल्कि इससे पूरा परिवार और समाज भी बर्बादी की ओर जाता है। इसलिए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए हर स्तर पर जागरूकता और सामूहिक प्रयास जरूरी है।
उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में 35 लाख से अधिक महिलाएं इस योजना से जुड़ी हैं। योजना के माध्यम से माताएं और बहनें आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
संगठन महामंत्री ने यह भी कहा कि पिछले महीने की ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बातों का उल्लेख किया था, जिससे प्रदेश की उपलब्धियों और यहां हो रहे सकारात्मक प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना और उनके द्वारा दिए गए संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।


