खैरागढ़. वनांचल क्षेत्र पैलीमेटा में जंगल से सागौन की अवैध कटाई कर उसे घर में छिपाकर रखने का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने ग्राम पंचायत पैलीमेटा के सरपंच कुमार पाल के घर कार्रवाई करते हुए करीब 95 हजार रुपए मूल्य का सागौन चिरान जब्त किया है। कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई।
वन विभाग के अनुसार, जंगल से सागौन के पेड़ों की कटाई के बाद लकड़ियों को सिल्ली के रूप में तैयार कर उनकी कटिंग भी कर दी गई थी। इसके बाद इन्हें घर में रखे जाने की सूचना विभाग को मिली। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी के दौरान सागौन चिरान बरामद कर उसे जब्त करते हुए अपने कब्जे में ले लिया।
अब विभाग जब्त लकड़ी की वास्तविक मात्रा, सागौन की कटाई किस स्थान से की गई और जंगल से लकड़ी सरपंच के घर तक कैसे पहुंची, इसकी पूरी कड़ी की जांच कर रहा है। मामले में वन विभाग की आगे की कार्रवाई जारी है।
वन मंडलाधिकारी संजय यादव ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है। करीब 95 हजार रुपए का सागौन चिरान जब्त किया गया है। इस प्रकार के तस्करों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के बाद वन क्षेत्र में सागौन की अवैध कटाई और उसकी तस्करी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।


