खैरागढ़. जनपद पंचायत खैरागढ़ की जनपद अध्यक्ष डॉ. राजेश्री शैलेन्द्र त्रिपाठी को जनपद अध्यक्ष संघ की प्रदेश उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। प्रदेशभर के जनपद अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों की उपस्थिति में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुई। नई जिम्मेदारी मिलने पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने डॉ. राजेश्री शैलेन्द्र त्रिपाठी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
निर्वाचन के दौरान पंचायतों के विकास और जनपद पंचायतों को मजबूत बनाने से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रदेश के जनपद अध्यक्षों ने ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, पंचायतों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं सशक्त बनाने तथा आने वाले समय में जनपद पंचायतों की स्थिति बेहतर करने को लेकर अपने विचार साझा किए।
प्रदेश उपाध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद डॉ. राजेश्री शैलेन्द्र त्रिपाठी की भूमिका अब पंचायतों से जुड़े विषयों को प्रदेश स्तर पर रखने में भी महत्वपूर्ण होगी। उनके निर्वाचन को खैरागढ़ जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व एवं सक्रिय सहभागिता से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को प्रदेश स्तर पर प्रमुखता से उठाने तथा पंचायतों के विकास को नई दिशा देने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर प्रदेशभर से पहुंचे जनपद अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों ने पंचायतों के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त करते हुए डॉ. राजेश्री शैलेन्द्र त्रिपाठी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।


