खैरागढ़

खैरागढ़. ऐतिहासिक फतेह मैदान में स्वतंत्रता दिवस का जश्न, मुख्य अतिथि देवेंद्र प्रताप बोले— फिर परवान चढ़े प्रख्यात खैरागढ़ महोत्सव, यहीं से मिलती है देश को सांस्कृतिक ऊर्जा

साकेत श्रीवास्तव

15-08-2025 01:32 PM

खबरों का प्रहरी न्यूज. ऐतिहासिक फतेह मैदान में स्वतंत्रता दिवस का जश्न, मुख्य अतिथि देवेंद्र प्रताप बोले— फिर परवान चढ़े प्रख्यात खैरागढ़ महोत्सव, यहीं से मिलती है देश को सांस्कृतिक ऊर्जा

00 राजा फतेह सिंह खेल मैदान पर परेड, लोकनृत्य और सम्मान समारोह; मैदान में कीचड़ से बिगड़ा आयोजन का अनुभव

खैरागढ़. छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर स्वतंत्रता दिवस इस बार पूरे प्रदेश में रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाया गया। जिला मुख्यालय खैरागढ़ के ऐतिहासिक राजा फतेह सिंह खेल मैदान में मंगलवार को आयोजित मुख्य समारोह में देशभक्ति और सांस्कृतिक गौरव का अद्भुत संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह मौजूद रहे। उनके साथ पूर्व विधायक कोमल जंघेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष घम्मन साहू, जिला पंचायत सदस्य दिनेश वर्मा और भाजपा के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। प्रशासनिक अमले से कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा, वन मंडलाधिकारी पंकज राजपूत, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल सहित जिले के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली बच्चे और नगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

मुख्य अतिथि ने ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री का संदेश वाचन किया, परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। इसके बाद आसमान में शांति और आज़ादी का संदेश देने वाले कबूतर और गुब्बारे छोड़े गए। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम में पत्रकारों की नाराज़गी भी चर्चा का विषय बनी। आमतौर पर मंच के बाईं ओर पत्रकारों के लिए आरक्षित जगह इस बार सम्मानित होने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को दे दी गई। जब पत्रकार वहां बैठे तो उन्हें अन्यत्र जाने के लिए कहा गया, जिससे खिन्न कई पत्रकार कार्यक्रम से बाहर निकल गए।


विशेष आकर्षण रहा इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं का मनमोहक प्रदर्शन। उन्होंने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकगीतों पर ऐसी लयबद्ध नृत्य-प्रस्तुतियां दीं कि पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

हालांकि, मैदान में फैले कीचड़ ने पूरे आयोजन की रौनक पर आंशिक रूप से पानी फेर दिया। स्वतंत्रता दिवस उत्सव का आनंद लेने आए दर्शकों को जगह-जगह कीचड़ के कारण काफी परेशानी हुई। कई स्कूली बच्चे फिसलते-फिसलते गिरने से बचे, वहीं परेड में शामिल पुलिस जवान, आईटीबीपी कमांडो, एनसीसी और स्काउट कैडेट को भी कदमताल के दौरान मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उनके जूते कीचड़ से सने हुए दिखाई दिए। यही वजह रही कि इस बार आयोजन में भीड़ अपेक्षाकृत कम रही।

मीडिया से चर्चा में सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्णय से इस बार स्वतंत्रता दिवस रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। खैरागढ़ को लेकर उन्होंने कहा— “मुझे यह नगर बेहद प्रिय है। पिछले कुछ वर्षों से थमे विख्यात खैरागढ़ महोत्सव को फिर से शुरू किया जाए, क्योंकि यहीं से पूरे देश को सांस्कृतिक ऊर्जा प्राप्त होती है।”


राजा फतेह सिंह खेल मैदान में सजे इस भव्य आयोजन ने, तमाम चुनौतियों के बावजूद, स्वतंत्रता दिवस को खैरागढ़ के इतिहास में यादगार बना दिया।

साकेत श्रीवास्तव

Comments (0)

Trending News

खैरागढ़

खैरागढ़. "विक्रांत सिंह ने दिया आमंत्रण, अस्पताल-कलेक्ट्रेट भवन समेत कई योजनाओं का लोकार्पण करेंगे सीएम साय"

BY साकेत श्रीवास्तव10-08-2025
13 अगस्त को खैरागढ़ आएंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, जिला भाजपा कार्यालय के लोकार्पण सहित कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

ब्रेकिंग न्यूज

13 अगस्त को खैरागढ़ आएंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, जिला भाजपा कार्यालय के लोकार्पण सहित कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

BY साकेत श्रीवास्तव08-08-2025
खैरागढ़ में विकास का महापर्व — मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी 611 करोड़ की सौगात

खैरागढ़

खैरागढ़ में विकास का महापर्व — मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी 611 करोड़ की सौगात

BY साकेत श्रीवास्तव13-08-2025

© Copyright 2024, All Rights Reserved | ♥ By PICCOZONE