खबरों का प्रहरी न्यूज. छुईखदान पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध महुआ शराब परिवहन में 4 कोचिया गिरफ्तार, 110 लीटर शराब व 2 मोटरसाइकिल जब्त
खैरागढ़/छुईखदान. जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चल रही मुहिम के तहत छुईखदान पुलिस ने आबकारी एक्ट के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का परिवहन कर रहे चार शराब कोचियों को गिरफ्तार किया है। दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कुल 110 लीटर हाथ भट्ठी की कच्ची महुआ शराब और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर भेलवाघाट–विक्रमपुर मार्ग स्थित ग्राम बुढानभाठ में रेड कार्रवाई की गई। पहले मामले में आरोपी हिरेन्द्र यादव (22) और खिलेश यादव (23), निवासी ग्राम विक्रमपुर, के कब्जे से 50 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत लगभग 10 हजार रुपये बताई गई है, तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। इस मामले में अपराध क्रमांक 13/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में कार्रवाई की गई।
इसी स्थान पर की गई दूसरी कार्रवाई में महेश धुर्वे (23), निवासी विक्रमपुर और उदय धुर्वे (19), निवासी ग्राम कुर्रूभाठ, के पास से 60 लीटर कच्ची महुआ शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। इस प्रकरण में अपराध क्रमांक 14/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि बीते 15 दिनों में छुईखदान थाना क्षेत्र में आबकारी एक्ट, जुआ और सट्टा के मामलों में लगातार कार्रवाई की गई है। अवैध शराब, जुआ, सट्टा और नशाखोरी जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




