खबरों का प्रहरी न्यूज. दाऊचौरा पुल पर चाकू लहराकर फैला रहा था दहशत, खैरागढ़ पुलिस ने युवक को रंगे हाथों दबोचा
खैरागढ़. नगर में सार्वजनिक शांति भंग करने की मंशा से चाकू लहराकर आमजन को भयाक्रांत करने वाले युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई 14 जनवरी 2026 को दाऊचौरा पुल क्षेत्र में की गई, जहां आरोपी द्वारा उपद्रव की स्थिति उत्पन्न किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मुखबिर से सूचना प्राप्त होते ही थाना खैरागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को रंगे हाथों धारदार चाकू के साथ पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजदीप सिंह (19 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 17, दाऊचौरा, खैरागढ़ बताया। आरोपी सार्वजनिक स्थान पर बिना किसी वैध कारण के हथियार रखे हुए था और उससे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया था।
आरोपी हथियार रखने के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में उसके कब्जे से धारदार चाकू विधिवत जब्त किया। मामले में थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 16/2026 दर्ज कर धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय खैरागढ़ में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




