खबरों का प्रहरी न्यूज. प्रेम का खौफनाक अंत: शादी से बचने के लिए प्रेमी ने की प्रेमिका की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
खैरागढ़. हरडुवा जलाशय बांध में युवती की हत्या कर शव फेंके जाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। प्रेम संबंध के बाद शादी से इनकार करने पर आरोपी युवक ने युवती की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या की और सबूत मिटाने के इरादे से शव को जलाशय में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 12 बजे थाना ठेलकाडीह पुलिस को सूचना मिली कि हरडुवा जलाशय के निकासी गेट के पास पानी में एक अज्ञात महिला का शव तैर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव के मार्गदर्शन में जिले की विशेष टीम गठित की गई।
तलाशी के दौरान जलाशय में कुछ दूरी पर एक कैरी बैग तैरता मिला, जिसमें मृतिका का आधार कार्ड, चप्पल और अस्पताल के उपचार से संबंधित दस्तावेज पाए गए। इससे शव की पहचान रूपा साहू (21 वर्ष), निवासी रामनगर मुक्तिधाम, सुपेला भिलाई, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग के रूप में हुई। परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका पर थाना ठेलकाडीह में देहाती नालसी अप.क्र. 12/2026 धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
शव का पंचनामा कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुमका में पोस्टमार्टम कराया गया। डॉक्टरों ने रिपोर्ट में बताया कि मृतिका के सिर पर किसी कठोर एवं भोंथरे वस्तु से कई वार किए गए थे, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मृत्यु हुई।
परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि मृतिका का हरडुवा निवासी आनंद वर्मा पिता राधेलाल वर्मा के साथ प्रेम संबंध था। आरोपी शादी करने से इनकार कर रहा था। करीब तीन-चार माह पूर्व भी युवती आरोपी के घर शादी की बात करने गई थी, जहां उसके साथ मारपीट कर उसे भगा दिया गया था। परिजनों के अनुसार, 25 जनवरी 2026 को भी वह शादी के लिए समझाने आरोपी के पास गई थी।
इन तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी आनंद वर्मा की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह युवती से पीछा छुड़ाना चाहता था और शादी नहीं करना चाहता था। बार-बार दबाव बनाए जाने से परेशान होकर उसने युवती को मोटरसाइकिल पर बैठाकर हरडुवा जलाशय ले गया, जहां पत्थर से उसके सिर पर वार कर हत्या कर दी। शव को छुपाने के लिए दो गमछों से कमर में बांधकर बड़े पत्थर के साथ पानी में फेंक दिया।
आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर, खून से सने कपड़े और मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर 27 जनवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
इस पूरे मामले के त्वरित खुलासे में एसडीओपी खैरागढ़, साइबर सेल और थाना ठेलकाडीह की टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव ने उत्कृष्ट विवेचना के लिए टीम को उचित इनाम से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।




