खैरागढ़

खैरागढ़. विश्व वेटलैंड्स दिवस पर छिंदारी में प्रकृति संरक्षण का जीवंत पाठ, छात्रों ने देखी प्रवासी पक्षियों की अनोखी दुनिया

साकेत श्रीवास्तव

03-02-2026 01:45 PM

खबरों का प्रहरी न्यूज. विश्व वेटलैंड्स दिवस पर छिंदारी में प्रकृति संरक्षण का जीवंत पाठ, छात्रों ने देखी प्रवासी पक्षियों की अनोखी दुनिया


खैरागढ़. विश्व वेटलैंड्स दिवस के अवसर पर खैरागढ़ वनमंडल अंतर्गत ईको टूरिज्म सेंटर छिंदारी के परिंदे में वन विभाग द्वारा जागरूकता एवं संरक्षण केंद्रित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आर्द्रभूमियों के महत्व, जैव विविधता संरक्षण और पारंपरिक ज्ञान की भूमिका को आमजन तक पहुंचाना रहा।

वनमंडल अधिकारी खैरागढ़ पंकज राजपूत के मार्गदर्शन में महाविद्यालयीन एवं शालेय छात्र–छात्राओं को प्रातःकाल उस समय छिंदारी बांध की आर्द्रभूमि का भ्रमण कराया गया, जब पक्षी अपने प्राकृतिक रहवास क्षेत्र में सक्रिय रहते हैं। विद्यार्थियों ने नौका विहार के दौरान कॉमन पोचार्ड, ग्रीन बी-ईटर, जंगल बेबलर, इंडियन रॉबिन, सरपेंट हेडेड ईगल, इंडियन रोलर सहित अनेक स्थानीय एवं प्रवासी पक्षियों को नजदीक से देखा और उनके व्यवहार को समझा। पक्षी विशेषज्ञों ने प्रजातियों की पहचान, पारिस्थितिकी में उनकी भूमिका तथा आर्द्रभूमि संरक्षण की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी।

भ्रमण उपरांत ईको टूरिज्म सेंटर में विषय आधारित संगोष्ठी का आयोजन हुआ। इस वर्ष विश्व वेटलैंड्स दिवस की थीम “वेटलैंड्स और पारंपरिक ज्ञान: सांस्कृतिक विरासत का जश्न” पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने बताया कि पारंपरिक ज्ञान और स्थानीय समुदायों की सहभागिता से ही वेटलैंड्स का दीर्घकालिक संरक्षण संभव है। यह ज्ञान जल शुद्धिकरण, बाढ़ नियंत्रण और जैव विविधता संरक्षण जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं को सुदृढ़ करता है।

मंचीय कार्यक्रम में वनमंडल अधिकारी पंकज राजपूत ने आर्द्रभूमि संरक्षण, संवर्धन और वनों को आग से बचाने के उपायों पर सरल एवं प्रभावी व्याख्यान दिया। अन्य अतिथियों ने भी पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए अपने विचार रखे। कार्यक्रम के उत्तरार्द्ध में सभी उपस्थितजनों ने आर्द्रभूमि संरक्षण की शपथ लेते हुए स्वयं को ‘वेटलैंड मित्र’ घोषित किया।

स्वच्छता अभियान के अंतर्गत प्रतिभागियों ने साफ–सफाई कर प्लास्टिक मुक्त छिंदारी का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने सेल्फी प्वाइंट पर फोटो लेकर वेटलैंड, बर्ड वॉचिंग और इको–कैंप छिंदारी को लेकर अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम ने पर्यावरणीय चेतना के साथ–साथ प्रकृति और संस्कृति के सहअस्तित्व का मजबूत संदेश दिया।

साकेत श्रीवास्तव

Comments (0)

Trending News

खैरागढ़

खैरागढ़. शानदार सफलता की मिसाल: 183 अंकों के साथ FMGE उत्तीर्ण, खुशबू परिहार ने रचा प्रेरणादायी कीर्तिमान

BY साकेत श्रीवास्तव29-01-2026
खैरागढ़. राख में बदलने के बजाय देहदान का निर्णय: चोपड़ा दंपत्ति ने चिकित्सा शिक्षा के लिए दान किया शरीर

खैरागढ़

खैरागढ़. राख में बदलने के बजाय देहदान का निर्णय: चोपड़ा दंपत्ति ने चिकित्सा शिक्षा के लिए दान किया शरीर

BY साकेत श्रीवास्तव03-02-2026
खैरागढ़. सोनारपारा में स्वर्णकार समाज की बैठक, विधायक यशोदा वर्मा बोलीं—एकजुटता और शिक्षा से मजबूत होगा समाज

खैरागढ़

खैरागढ़. सोनारपारा में स्वर्णकार समाज की बैठक, विधायक यशोदा वर्मा बोलीं—एकजुटता और शिक्षा से मजबूत होगा समाज

BY साकेत श्रीवास्तव31-01-2026

© Copyright 2024, All Rights Reserved | ♥ By PICCOZONE