खैरागढ़

खैरागढ़. तेंदुए के अवैध शिकार का बड़ा खुलासा: झाड़-फूंक और तांत्रिक अंधविश्वास के नाम पर मादा तेंदुए की निर्मम हत्या, 24 घंटे में 7 आरोपी गिरफ्तार

साकेत श्रीवास्तव

16-12-2025 06:55 PM

खबरों का प्रहरी न्यूज. तेंदुए के अवैध शिकार का बड़ा खुलासा: झाड़-फूंक और तांत्रिक अंधविश्वास के नाम पर मादा तेंदुए की निर्मम हत्या, 24 घंटे में 7 आरोपी गिरफ्तार

00 डॉग स्क्वॉड, राज्य स्तरीय उड़नदस्ता और उच्चाधिकारियों की मौजूदगी में सभी गायब अंग बरामद, वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से वन्यप्राणी अपराध बेनकाब

खैरागढ़. खैरागढ़ वनमंडल अंतर्गत दैहान क्षेत्र में मादा तेंदुए की मौत के मामले में वन विभाग ने बड़ी सफलता हासिल की है। प्रारंभ में संदिग्ध हालात में मिले तेंदुए के शव की जांच महज 24 घंटे में अवैध शिकार के संगठित अपराध में तब्दील हो गई। जांच में सामने आया कि झाड़-फूंक और तांत्रिक अंधविश्वास से जुड़े कथित कार्य के लिए तेंदुए का शिकार किया गया।

ऐसे सामने आया मामला

14 दिसंबर 2025 को अपरान्ह करीब 3.30 बजे बीट फॉरेस्ट ऑफिसर दैहान को एक ग्रामीण से सूचना मिली कि जंगल क्षेत्र में तेंदुआ मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर वन अमला तत्काल मौके पर पहुंचा। दैहान परिसर के वन कक्ष क्रमांक 343 पी.एफ. से लगभग 50 मीटर दूर राजस्व भूमि खसरा नंबर-132 में मादा तेंदुए का क्षत-विक्षत शव मिला। प्रथम दृष्टया अवैध शिकार की आशंका पर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई।

वनमंडलाधिकारी दीपेश कपिल, संयुक्त वनमंडलाधिकारी तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी खैरागढ़ स्थानीय अमले के साथ घटनास्थल पहुंचे। क्षेत्र की घेराबंदी कर गहन छानबीन शुरू की गई।


उच्चाधिकारियों की मौजूदगी में जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्य वन संरक्षक दुर्ग वृत्त एम. मर्सीबेला और मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) एवं क्षेत्र संचालक उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व सतोविसा समाजदार भी मौके पर पहुंचीं। संदीप सिंह के नेतृत्व में राज्य स्तरीय उड़नदस्ता दल और डॉग स्क्वॉड को जांच में लगाया गया।


झाड़-फूंक बना हत्या की वजह

मुख्य वन मंडलाधिकारी पंकज राजपूत ने बताया कि ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी भगवती वर्मा झाड़-फूंक का कार्य करता है। इसी अंधविश्वास से जुड़े कथित तांत्रिक उद्देश्य के लिए तेंदुए का शिकार किया गया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि तेंदुए के दांत और पंजे इसी कारण अलग-अलग स्थानों पर छिपाए गए थे।


इन आरोपियों की भूमिका उजागर

डॉग स्क्वॉड की मदद से संदिग्ध व्यक्ति डोमनलाल वर्मा को पूछताछ के लिए बुलाया गया। कड़ी पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर विद्युत करंट लगाकर तेंदुए का सामूहिक शिकार करना स्वीकार किया। जांच में कुल सात आरोपी सामने आए—


1. डोमनलाल वर्मा, पिता स्वर्गीय नोहर वर्मा, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम दैहान

2. चंदूराम वर्मा, पिता महेशलाल वर्मा, निवासी ग्राम दैहान

3. हेमचंद वर्मा, पिता रामसेवक वर्मा, निवासी ग्राम दैहान

4. दीपक यादव, पिता स्वर्गीय दयाराम यादव, निवासी ग्राम दैहान

5. फिरोज निषाद, पिता स्वर्गीय केजूराम निषाद, निवासी ग्राम दैहान

6. कचरू यादव, पिता स्वर्गीय दयाराम यादव, निवासी ग्राम दैहान

7. भगवती वर्मा, पिता नोहर वर्मा, निवासी ग्राम दैहान


घर-घर से बरामद हुआ सबूत

आरोपियों की निशानदेही पर शिकार में प्रयुक्त तार, खूंटियां, कुल्हाड़ी, अन्य धारदार हथियार और टूटी हुई एयरगन बरामद की गई। फिरोज निषाद और कचरू यादव की निशानदेही पर तेंदुए के चारों दांत जप्त किए गए। वहीं पूछताछ में डोमनलाल वर्मा ने बताया कि उसने तेंदुए के चारों पंजे काटकर अपने भाई भगवती वर्मा की जानकारी में एक खेत में अर्जुन (कहुआ) वृक्ष के पोलार्ड में छिपा दिए थे, जहां से चारों पंजे भी बरामद कर लिए गए।


एनटीसीए गाइडलाइन के तहत अंतिम प्रक्रिया

एनटीसीए की गाइडलाइन के अनुसार डॉक्टरों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम किया गया। सभी आवश्यक सैंपल सुरक्षित रखे गए और वनमंडलाधिकारी की उपस्थिति में शव का विधिवत दाह संस्कार किया गया।


24 घंटे में सख्त संदेश

वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मादा तेंदुए के सभी गायब अंग बरामद कर लिए और सभी सात आरोपियों को प्रकरण में नामजद किया। आरोपियों के विरुद्ध वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत न्यायालयीन कार्रवाई जारी है। यह मामला न केवल वन्यप्राणी अपराध की गंभीरता को उजागर करता है, बल्कि अंधविश्वास के नाम पर हो रहे अपराधों पर भी कड़ा सवाल खड़ा करता है।

साकेत श्रीवास्तव

Comments (0)

Trending News

खैरागढ़

खैरागढ़. तेंदुए के अवैध शिकार का बड़ा खुलासा: झाड़-फूंक और तांत्रिक अंधविश्वास के नाम पर मादा तेंदुए की निर्मम हत्या, 24 घंटे में 7 आरोपी गिरफ्तार

BY साकेत श्रीवास्तव16-12-2025
ब्रेकिंग न्यूज. बिजली विभाग के तेज रफ्तार वाहन ने 4 वर्षीय मासूम की ली जान, मौत के बाद गांव में तनाव—बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात

ब्रेकिंग न्यूज

ब्रेकिंग न्यूज. बिजली विभाग के तेज रफ्तार वाहन ने 4 वर्षीय मासूम की ली जान, मौत के बाद गांव में तनाव—बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात

BY साकेत श्रीवास्तव12-12-2025
खैरागढ़. कोपेनवागांव–मुढ़ीपार के जंगल में तेंदुए की रहस्यमय मौत, अवैध शिकार की आशंका गहराई

ब्रेकिंग न्यूज

खैरागढ़. कोपेनवागांव–मुढ़ीपार के जंगल में तेंदुए की रहस्यमय मौत, अवैध शिकार की आशंका गहराई

BY साकेत श्रीवास्तव15-12-2025

© Copyright 2024, All Rights Reserved | ♥ By PICCOZONE